राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सरोदा शाखा का पथ संचलन:शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गांव जयघोषों से गूंजा

डूंगरपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सरोदा शाखा ने संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक पथ संचलन का आयोजन किया। यह आयोजन “हम विजय की ओर बढ़ते जा रहे हैं” ध्येय वाक्य के अनुरूप किया गया, जो विजयादशमी पर होने वाले मंडल एकत्रीकरण का स्वरूप था। यह पथ संचलन स्कूल परिसर से शुरू होकर गोपाल चौक, लिमड़ी चौक, हनुमान मंदिर और बस स्टैंड से होते हुए पुनः प्रारंभ स्थल पर पहुंचा, जहां यह एक सभा में परिवर्तित हो गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, रंगोलियों और देशभक्ति के जयघोषों के साथ संचलन का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विद्या भारती के जिला उपाध्यक्ष सूरज पाटीदार मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में संघ की सौ वर्ष की विकास यात्रा, गौरवशाली भारतीय इतिहास और संघ की साधना का उल्लेख किया। पाटीदार ने “पंच परिवर्तन” – सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वत्व का बोध (स्वदेशी भावना) और नागरिक शिष्टाचार को समाज जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष में संघ द्वारा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक व राष्ट्रहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, आगामी विजयादशमी पर मंडल आधारित एकत्रीकरण के आयोजन की भी जानकारी दी। संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *