बालाघाट में दो बाइक भिड़ीं, शिक्षक की मौत:दो युवक गंभीर रूप से घायल, लांजी सिविल अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर

बालाघाट जिले में रविवार को लांजी-आमगांव मार्ग पर कारंजा में दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक शिक्षक लंकेश नगपुरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लांजी सिविल अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक शिक्षक लंकेश नगपुरे (38) ग्राम बापड़ी के निवासी थे। उनके साथ यात्रा कर रहे राधेश्याम नगपुरे (42) और दूसरी मोटरसाइकिल चला रहे लोहारा निवासी भूपेंद्र पिता शंकरलाल नेवारे (32) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। भूपेंद्र का एक पैर टूट गया है। यह घटना 5 अक्टूबर को कारंजा पेट्रोल पंप के सामने हुई। बताया गया है कि शिक्षक लंकेश नगपुरे अपने साथी राधेश्याम के साथ अपनी मोटरसाइकिल (एमपी 50 एमएम 6931) से आमगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही भूपेंद्र नेवारे की मोटरसाइकिल (एमपी 50 एमए 7520) से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद लंकेश नगपुरे को सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से मृतक और दोनों घायलों को एंबुलेंस से लांजी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने लंकेश नगपुरे को मृत घोषित कर दिया, जबकि राधेश्याम और भूपेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लांजी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। देखिए हादसे की तस्वीरें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *