ऑनलाइन ठगी का पैसा ट्रांसफर करने वाला आरोपी गिरफ्तार:भिलाई में म्यूल अकाउंट से ट्रांसफर किए साइबर ठगी के 4.29 लाख रुपए, केस दर्ज

दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अहम सफलता हासिल की है। सुपेला पुलिस ने म्यूल अकाउंट का उपयोग कर ऑनलाइन ठगी की रकम ट्रांसफर कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने बैंक खाते के जरिए साइबर ठगी की रकम जमा कर अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमाया था। भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी से मिली जानकारी के अनुसार, समन्वय पोर्टल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, सुपेला शाखा के एक खाते में साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम जमा हुई है। इस सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि संबंधित बैंक खाता मुकेश नायक (36 वर्ष), पिता अभ्रत नायक, निवासी सेक्टर 04, सड़क 16, 7/बी सर्वेंट क्वार्टर, थाना भिलाई नगर के नाम से खोला गया था। म्यूल अकाउंट से ठगी की रकम ट्रांसफर सीएसपी ने बताया कि मुकेश नायक ने जानबूझकर अपने खाते को ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के लिए उपलब्ध कराया। उसके खाते में साइबर ठगी से प्राप्त 44,250 रुपए और 3,85,231 रुपए की राशि जमा की गई थी, जो कुल 4.29 लाख रुपए है। आरोपी ने इस प्रक्रिया से लगभग 43,400 रुपए का अवैध लाभ अर्जित किया। मामले में थाना सुपेला ने अपराध क्रमांक 1164/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 318(4) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सीएसपी तिवारी ने यह भी बताया कि यह कार्रवाई साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। पुलिस लगातार ऐसे व्यक्तियों पर नजर रख रही है जो म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम के लेन-देन में शामिल रहते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *