लखनऊ की ठाकुरगंज पुलिस ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व नगर अध्यक्ष जीशान खान को हुसैनाबाद से हिरासत में ले लिया। आरोप है कि वे दुकान के सामने चाय पी रहे थे, तभी चौकी इंचार्ज और पुलिस कर्मियों ने उनसे बदसलूकी करते हुए स्कूटी सीज कर दी और रातभर हवालात में बंद रखा। बाजारखाला निवासी जीशान खान ने बताया कि 29 सितंबर की रात वे मां पारो खान की दवा लेकर लौट रहे थे। हुसैनाबाद के पास एक परिचित के साथ चाय पीने के दौरान सतखंडा चौकी इंचार्ज मनोज मलिक, हुसैनाबाद चौकी इंचार्ज विनीत कुमार और सिपाही विनीत पहुंचे और उन्हें जबरन थाने ले गए। मोबाइल फोन जब्त कर लिया पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इसके बाद उन्होंने स्मार्ट घड़ी के जरिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सूचना दी। नेताओं के हस्तक्षेप पर अगली सुबह उन्हें छोड़ा गया। पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग जीशान ने पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर से शिकायत कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।


