दार्जिलिंग में लैंडस्लाइड- 23 की मौत, 2 हजार टूरिस्ट फंसे:CM ममता बनर्जी आज प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगी; हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में तेज बारिश के बाद शनिवार रात हुई लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 23 हो गई है। इनमें 7 बच्चे हैं। कई लोग अब भी लापता हैं। मलबे में कई घर बह गए। दार्जिलिंग और सिक्किम का सड़क संपर्क देश के बाकी हिस्सों से टूट गया है। पर्यटन सीजन होने के कारण दार्जिलिंग और सिक्किम में 2 हजार से ज्यादा पर्यटक फंसे हैं। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, कालिम्पोंग, और अलीपुरदुआर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। दार्जिलिंग लैंडस्लाइड की 6 तस्वीरें… नेशनल हाईवे टूटा, ट्रेन रद्द दार्जिलिंग और कर्सियांग के बीच नेशनल हाइवे टूट गया है। मिरिक और दूधिया के पास लोहे के एक ब्रिज के टूटने से दार्जिलिंग से सिलीगुड़ी का वैकल्पिक रास्ता भी बंद हो गया है। अलीपुरदुआर में रेल ट्रैक डूबने से तीन गाड़ियां रद्द की गई हैं। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में चाय के बागान लबालब हो गए हैं। 24 घंटे में 16 इंच पानी गिरा, इतनी बारिश 1998 के बाद पहली बार दार्जिलिंग और अन्य जिलों में गत 24 घंटे में लगभग 16 इंच पानी गिरा। स्थानीय लोगों के अनुसार इतनी बारिश 1998 के बाद पहली बार हुई है। जलदापाड़ा के मिथुन सरकार बताते हैं कि कई प्रभावित इलाकों में बचाव दल रविवार को दोपहर बाद तक नहीं पहुंच सका है। स्थानीय लोग अपने स्तर पर जुटे हुए हैं। हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी, इस बार करीब 20 दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल के लाहौल-स्पीति, मनाली, चंबा और धौलाधार की पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। इस बार बर्फबारी सामान्य से करीब 20 दिन पहले हुई। बारिश और बर्फबारी से तापमान 4 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रोहतांग दर्रे पर फिसलन बढ़ने से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। रोहतांग दर्रा से वाहनों की आवाजाही बंद मनाली प्रशासन ने बर्फबारी के चलते रोहतांग दर्रा से होकर वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद कर दी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मनाली रोहतांग मार्ग पर पुलिस जवान तैनात हैं लेकिन सड़क पर फिसलन होने के चलते दुर्घटनाओं के अंदेशे को देखते हुए फिलहाल वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच कहीं कहीं पर 50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *