भास्कर न्यूज| चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम खेल प्रेमी समिति की ओर से बुजुर्गों के लिए पैदल चल प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को किया गया। प्रतियोगिता स्थानीय कचहरी तलाब के समीप सामुदायिक भवन से शुरू हुई और उसी जगह खत्म भी हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन डीडीसी संदीप कुमार मीणा, डॉ. सौम्या सेनगुप्ता, डॉ. शिव कुमार प्रसाद और डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम ने संयुक्त रूप से धावकों को हरी झंडी दिखाकर किया। सभी विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों के द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के चारों वर्ग में कुल 35 बुजुर्ग प्रतिभागियों ने निबंधन कराया। निबंधन के पश्चात सभी के ब्लड प्रेशर की जांच सदर अस्पताल की मेडिकल टीम द्वारा की गई। मौके पर डीडीसी ने कहा कि पहली बार बुजुर्गों की पैदल चल प्रतियोगिता की जितनी भी तारीफ करूं कम ही होगा। 60 से 65 आयु वर्ग की 3 किलोमीटर में प्रथम जीवन प्रसाद, द्वितीय अर्जुन गोप और तृतीय गंगाराम तिरिया रहे। इसी तरह 65 से 70 आयु वर्ग 2 किलोमीटर में प्रथम सुशांतो चटर्जी, द्वितीय जहांगीर आलम और तृतीय संतोष सराफ, 70 आयु वर्ग 1 किलोमीटर में प्रथम बसंत नारायण सिंह, द्वितीय सुशील कुमार महापात्रा और तृतीय सामू बानरा रहे। महिला वर्ग 60 वर्ष से उपर 1 किलोमीटर में प्रथम मासूमा परवीन, द्वितीय मिताली पाल और तृतीय प्रेमवती पिंगुवा रहीं। इस अवसर पर समिति के जनक किशोर गोप, मतलूब आलम, पी के फौजदार, निरंजन हिंदवार, आशीष बिरूवा, कृष्णा देवगण, सुशील कुमार, सुरसेन टोपनो, सूर्यकांत, दिवाकर गोप समेत समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।


