भास्कर न्यूज | गढ़वा स्थानीय जीएन कॉन्वेंट (10+2) स्कूल में टर्म 1 परीक्षाफल तथा अभिभावक शिक्षक गोष्ठी का आयोजन रविवार को अभिभावकों की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद मदन प्रसाद केशरी, प्राचार्य सीबी सिन्हा, उपप्राचार्य बसंत ठाकुर, वरिष्ठ शिक्षकों एवं अभिभावकों के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं विद्या की देवी मां सरस्वती जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्राओं द्वारा स्वागत गान की प्रस्तुति के पश्चात उपप्राचार्य बसंत ठाकुर द्वारा उपस्थित अभिभावकों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर शिक्षक वीरेंद्र शाह ने विद्यालय में छात्रों के हित में उपलब्ध अत्याधुनिक संसाधनों से अभिभावकों को अवगत कराया। जबकि परीक्षा संचालन प्रभारी खुर्शीद आलम ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे निरंतर बदलाव पर अपना बहुमूल्य विचार प्रकट किया। उपस्थित अभिभावकों और बच्चों को संबोधित करते हुए निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह बैठक अभिभावकों और शिक्षकों के बीच एक महत्वपूर्ण मंच है जो छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, व्यवहार संबंधी चुनौतियों और सीखने की शैलियों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करता है। यह गोष्ठी शिक्षकों को बच्चों के घर और स्कूल के माहौल को बेहतर ढंग से समझने में मदद करती है और अभिभावकों को घर पर बच्चों की शिक्षा का समर्थन करने के तरीके सिखाती है। जिससे एक सकारात्मक सीखने का वातावरण बनता है। दूसरी ओर आज अभिभावकों को खुलकर शिक्षा संबंधी यदि शिकायत है तो बात रखनी चाहिए। निदेशक ने कहा कि शिक्षकों के योगदान को उल्लेखित करते हुए कहा कि शिक्षक न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देते हैं, बल्कि जीवन के मूल्यों, सही और गलत की पहचान भी सिखाते हैं। उनकी प्रेरणा, मार्गदर्शन और धैर्य ही हमें चुनौतियों को सामना करने और अपनी कमजोरियों को दूर करने में मदद करता है। बच्चों के अंदर ज्ञान, शिक्षकों का चरित्र आईने की तरह होनी चाहिए। जो बच्चों के लिए सीख बने। अभिभावकों के योगदान की सराहना करते हुए निदेशक ने कहा कि अभिभावक बच्चों को घर पर जो संस्कार, समर्थन और प्रोत्साहन देते हैं, वह विद्यालय में उनके बेहतर प्रदर्शन की नींव रखता है। आपकी सहभागिता, सुझाव और समर्थन हमारे लिए अमूल्य है। इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को निदेशक एवं उपस्थित शिक्षकों के द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन उप प्राचार्य बसन्त ठाकुर जबकि धन्यवाद ज्ञापन कृष्ण कुमार के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक वीरेंद्र शाह, विकास कुमार, मुकेश भारती, दिनेश कुमार, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, सुनीता कुमारी, रागिनी कुमारी, शिवानी कुमारी, चंदा कुमारी, अभय कुमार, संतोष प्रसाद, अभिभावक मोहम्मद मंसूर खान, सुजीत सोनी, विनय केशरी, ओमप्रकाश केशरी, मुकेश केशरी, बिलकिश फातिमा, निर्मला केशरी, ज्योति देवी आदि उपस्थित थे।


