भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा शहर के बीचोंबीच रंका मोड़ स्थित इंदिरा प्रियदर्शनी घंटाघर की घड़ी पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है। घड़ी के बंद होने से स्थानीय लोगों को समय की जानकारी नहीं मिल पा रही है। यह घंटाघर गढ़वा शहर की पहचान मानी जाती है, लेकिन इसके खराब रहने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। इधर नगर परिषद के पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि घड़ी के कुछ जरूरी पार्ट्स खराब हो गए हैं, जिसकी वजह से यह काम नहीं कर रही है। तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद पता चला कि ये पार्ट्स फिलहाल गढ़वा या झारखंड में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में इन्हें कोलकाता से मंगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जैसे ही पार्ट्स पहुंचेंगे, घड़ी की मरम्मत कर उसे फिर से चालू कर दिया जाएगा। पदाधिकारी ने बताया कि घड़ी की मरम्मत कोलकाता के मिस्त्री के द्वारा ही कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि घंटा घर में जो घड़ी लगाई गई है। वह कोलकाता की एक कंपनी के द्वारा ही लगाया गया है। ऐसे घड़ी की मरम्मत कोलकाता के मिस्त्री के द्वारा ही किया जा सकता है। इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि घंटाघर की घड़ी शहर के गौरव का प्रतीक है। यह पिछले चार वर्षों से यह लोगों को सही समय बताने का काम करती रही है, लेकिन पिछले कुछ महीनों से बंद रहने के कारण इसका महत्व घटता जा रहा है। उन्होंने नगर परिषद से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने की मांग की है। विदित हो कि गढ़वा शहर के रंका मोड़ पर बनाए गए इंदिरा प्रियदर्शिनी घंटा घर का उद्घाटन 25 नवंबर 2021 को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा उद्घाटन किया गया था।


