भास्कर न्यूज | अंवरी सेमरा (भखारा) में शीतला माता एवं दुर्गा पंडाल में जंवारा बोया गया। ज्योति कलश भी प्रज्ज्वलित की गई। अंतिम दिन गांव में विसर्जन शोभायात्रा निकाली। शीतला माता मंदिर से ज्योत-जंवारा विसर्जन यात्रा निकली, रास्तेभर भक्तों ने जसगीत प्रस्तुत किया। जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमा का पूजन श्रद्धालुओं ने किया। सेमरा बी में भी ज्योत जंवारा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। हवन-पूजन के बाद मंडलियों ने जसगीत गाते हुए गांव भ्रमण किया। पूजा-अर्चना कर तालाब में जंवारा विसर्जित की गई। कई लोगों ने इस अवसर पर मित्रता को प्रगाढ़ बनाने भोजली बधने का भी रस्म निभाया। विजयादशमी पर गांव के बस स्टैंड चौक में बालक दुर्गोत्सव समिति, रामसागर पारा में नव एकता दुर्गोत्सव समिति द्वारा स्थापित किए दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा निकालकर खारुन नदी में विसर्जित किया गया। रामलीला मंडलियों ने निकाली शोभायात्रा: सेमरा (भखारा) में विजयादशमी पर्व पर बाल-लीला मंडली एवं ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों ने श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान और रावण की गांव में शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में रावण के पुतले को लेकर चल रहे थे। गांव में रामलीला मंचन के बाद 11 फीट रावण के पुतले का दहन किया गया। पश्चात सभी ने एक-दूसरे को रैनी पत्ता भेंट कर दशहरा पर्व की बधाई दी। आयोजन ठाकुर चौक में हुआ। अतिथि जनपद सदस्य बनीता सिन्हा, पूर्व जनपद सदस्य मोतीलाल सिन्हा, सरपंच दुर्गा सिन्हा, उपसरपंच दीपक चक्रधारी, ग्रामीण अध्यक्ष लीलेश साहू, उपाध्यक्ष मुकेश साहू, सचिव खूबलाल साहू, राजेश सिन्हा, प्रमोद सिन्हा, माधव राम साहू, ईश्वर साहू, धनसिंह सेन, पं विजय शंकर शर्मा, नरोत्तम सिन्हा थे।


