भास्कर न्यूज | धमतरी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने 3 अक्टूबर को विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना की है। प्रदेश के 6 जिले में विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति की है। इसके तहत धमतरी जिले को भी दो विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं। जिला अस्पताल धमतरी में हड्डी रोग विशेषज्ञ का एक पद खाली हो गया था। डॉ. राकेश सोनी ने नौकरी छोड़ दी है। अब इनके स्थान पर नए डॉक्टर की नियुक्ति हुई है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य ठाकुर की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा मेडिकल ऑफिसर के पद पर रहे डॉ. रविकिरण शिंदे की भी पदस्थापना शिशु रोग विशेषज्ञ के रुप में हुई है। वह 6 अक्टूबर से विशेषज्ञ के रूप में ज्वाइनिंग करेंगे। शनिवार को उन्होंने मेडिकल ऑफिसर के रूप में काम किया। डॉ. शिंदे ने बताया कि 2023 में मेडिकल ऑफिसर के रूप में जिला अस्पताल में नियुक्ति हुई थी। उन्होंने पखवाड़ेभर पहले ही विशेषज्ञ के लिए आवेदन किया था। दो साल बाद अब वह शिशु रोग विशेषज्ञ के रूप में मरीजों का इलाज करेंगे। 6 अक्टूबर को विशेषज्ञ के पद पर ज्वाइन करेंगे। 15 दिन बाद भी नहीं आए सर्जन: जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. सिद्धार्थ सतपति की नियुक्ति हुई है। 15 दिन बाद भी उन्होंने जिला अस्पताल धमतरी में आना शुरू नहीं किया है। इधर सर्जन के पद खाली होने के कारण ऑपरेशन भी प्रभावित हो रहा है। जिला अस्पताल धमतरी को सर्वसुविधायुक्त भवन के मिलने से नए डॉक्टर व नई सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। नया भवन मिलने से मरीजों को सुविधाएं भी मिलेंगी।


