जवाहर कला केन्द्र में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार और एक्टर्स थिएटर एट राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय 7वें राजरंगम् (राजस्थान रंग महोत्सव) की गुरुवार से शुरुआत होने जा रही है। वरिष्ठ भाजपा नेता और हरियाणा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया ने बुधवार को पोस्टर का विमोचन किया। 2 जनवरी को शाम 6:30 बजे रंगायन सभागार में नाटक ‘कालपुरुष:क्रांतिकारी वीर सावरकर’ के मंचन के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। डॉ. चन्द्रदीप हाड़ा के निर्देशन में होने वाले नाटक की कहानी जयवर्धन ने लिखी है जो की क्रांतिकारी वीर सावरकर की जीवन यात्रा पर प्रकाश डालती है। 3 जनवरी को योगेन्द्र सिंह के निर्देशन में नाटक ‘एनिमी ऑफ द पीपल’ का मंचन होगा। नाटक की कहानी हेनरिक इब्सन ने लिखी है और नाट्य रुपांतरण नेमीचन्द्र जैन ने किया है। नाटक में दर्शाया गया है कि किस तरह दुनिया ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति को जनशत्रु बना देती है। 4 जनवरी को गुरुदेव रबीन्द्र नाथ टैगोर की कहानी पर आधारित नाटक ‘चित्रांगदा’ का मंचन होगा जिसका निर्देशन संकेत जैन ने किया है। यह नाटक महाभारत युग में दर्शकों को ले जाता है, मंच पर अर्जुन और चित्रांगदा की प्रेम कहानी को दर्शाया जाता है। 5 जनवरी को सुनीता तिवारी नागपाल (एनएसडी) के निर्देशन में ‘पीले स्कूटर वाला आदमी’ नाटक का मंचन होगा। मानव कौल की यह कहानी आम आदमी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को बड़ी संजीदगी के साथ बयां करती है। इस दिन कृष्णायन सभागार में शाम 3 बजे से ‘भारत की कला, संस्कृति और आपदा प्रबन्धन’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। जिसमें नाट्य निर्देशक चर्चा करेंगे। महोत्सव का समापन धीरज भटनागर निर्देशित नाटक ‘चित्रलेखा’ के मंचन के साथ होगा। नाटक की कहानी पद्मभूषण भगवती चरण वर्मा ने लिखी है, पाटलीपुत्र की प्रसिद्ध नृत्यांगना चित्रलेखा इस नाटक का केन्द्र है।


