सूअर मारने बिछाए गए करंट से युवक झुलसा:शरीर का 50% हिस्सा जला; बलरामपुर में RTO बैरियर पर हमला, 5 आरोपी पकड़ाए

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के ग्राम कनपुर में करंट की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। 5 अक्टूबर को जब विरेंद्र (32 साल) खेत की ओर जा रहे थे और रास्ते में बिछे हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने जंगली सुअरों को मारने के लिए खेतों में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी अवैध तार की चपेट में आने से विरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि उनका शरीर 50 प्रतिशत से अधिक जल गया है। घायल विरेंद्र गांव के पूर्व उपसरपंच झुना राम के पुत्र थे। परिजनों ने विरेंद्र को तत्काल रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया। प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में विरेंद्र का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बता दें कि क्षेत्र में जंगली सूअर मारने के लिए बिछाए गए अवैध करंट युक्त तारों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। उन्होंने वन विभाग, बिजली विभाग और स्थानीय थाना को सूचित किया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने अवैध रूप से करंट बिछाने की इस प्रवृत्ति को खतरनाक बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। RTO बैरियर पर हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार वहीं, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के धनवार स्थित आरटीओ बैरियर पर शनिवार (4 अक्टूबर) रात परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। इस घटना में आरटीओ कार्यालय और आवासीय परिसर में घुसकर हमला किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।परिवहन उप निरीक्षक भूषण ध्रुव द्वारा बसंतपुर थाना प्रभारी को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, यह घटना रात करीब 10:10 बजे हुई। उस समय उप निरीक्षक भूषण ध्रुव, सहायक निरीक्षक सिद्धार्थ पटेल और प्रधान आरक्षक कौशल साहू अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। तभी 7 से 8 अज्ञात व्यक्ति बैरियर पर पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर बहस शुरू कर दी। हमलावरों ने आरटीओ कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने ड्राइवर ओम प्रकाश राजवाड़े के साथ भी मारपीट की। इसके बाद वे आवासीय परिसर में घुस गए और अन्य स्टाफ के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। आरोपियों ने परिवहन निरीक्षक महेंद्र सिंह कुलदीप के कमरे में जबरन घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डाली और उन पर हमला किया।धनवार प्रभारी महेंद्र कुलदीप ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले आरोपियों के वाहन की बैरियर के सामने रखे स्टॉपर से टक्कर हो गई थी। उस समय मौके पर बहस हुई थी, लेकिन मामला शांत करा दिया गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने यह हमला किया। सभी आरोपी बसंतपुर के निवासी हैं। परिवहन उप निरीक्षक भूषण ध्रुव की शिकायत पर बसंतपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। बसंतपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी ने पुष्टि की है कि आठ आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और शेष आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *