भीमगढ़ बांध के 2 गेट खोले गए, अलर्ट जारी:12 घंटे बाद वैनगंगा नदी में आएगा उफान, मानसून की विदाई के बाद ढाई इंच बारिश

बालाघाट जिले के पड़ोसी भीमगढ़ बांध से 6 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पानी छोड़ा गया है। बांध के गेट क्रमांक 5 और 6 को एक-एक मीटर खोला गया, जिससे वैनगंगा नदी में 10,790 क्यूसेक (लगभग 305 क्यूमेक) पानी छोड़ा गया। यह पानी लगभग 12 घंटे बाद बालाघाट क्षेत्र की वैनगंगा नदी में पहुंचेगा, जिससे निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने का खतरा है। वैनगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से लालबर्रा, वारासिवनी और बालाघाट के नदी किनारे स्थित गांवों के ग्रामीणों को नुकसान होने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों से नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अपने मवेशियों को भी नदी से दूर रखने की अपील की गई है। बाढ़ या अतिवृष्टि की स्थिति में सहायता के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय बालाघाट के कंट्रोल रूम नंबर 07632-240102 पर संपर्क किया जा सकता है। जिले में मानसून अब विदाई ले रहा है, हालांकि पिछले दो दिनों से हल्की बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 6 अक्टूबर तक बालाघाट जिले में औसत 1280 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। यह पिछले वर्ष की 1220 मिलीमीटर वर्षा से 60 मिलीमीटर (लगभग ढाई इंच) अधिक है। बीते 24 घंटे में जिले में 9 मिलीमीटर बारिश हुई। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, परसवाड़ा तहसील में सर्वाधिक 1733 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि खैरलांजी तहसील में सबसे कम 536 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अन्य तहसीलों में बालाघाट में 1495 मिमी, वारासिवनी में 1551 मिमी, बैहर में 1573 मिमी, लांजी में 905 मिमी, कटंगी में 1208 मिमी, किरनापुर में 1269 मिमी, लालबर्रा में 1417 मिमी, बिरसा में 1125 मिमी और तिरोड़ी तहसील में 1257 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *