बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अशोक गहलोत पर मैं बोलूं, अच्छा नहीं लगता। जनता उनको पहले ही बता चुकी है कि उन्होंने कितनी मेहनत, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ सरकार चलाई थी। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत को विचार करना चाहिए कि उनकी सरकार जनता की नजर में फेल साबित क्यों हुई। राधामोहन दास अग्रवाल ने गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि ‘तू इधर-उधर की ना बात कर, तू बता कि कारवां कहां लूटा’। राजस्थान की बात करो और बताओ कि तुम क्यों हारे और उस हार से तुमने क्या सबक लिया। मणिपुर बहुत दूर है। दरअसल गहलोत ने मणिपुर हिंसा पर वहां के मुख्यमंत्री द्वारा माफी मांगने पर कहा था कि जनता उनकी माफी को स्वीकार नहीं करेगी। गहलोत को पराजय बोध अग्रवाल ने भजनलाल सरकार को नकारा व निकम्मा कहने के गहलोत के बयान पर भी पलटवार करते हुए कहा कि वे बैठकर मूल्यांकन करते रहें। हमारा चुनाव चार साल बाद है। हम चुनाव में पहले से भी ज्यादा सीटें लेकर आएंगे। हम मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस बार 160-170 सीटें जीतेंगे। तब आप गहलोत जी से पूछिएगा। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत पराजय बोध में हैं। खिसियानी बिल्ली….आगे वाला नहीं बोलूंगा। पर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। हमारी सरकार ने एक साल में क्रांतिकारी काम किए हैं। अपराध को नियंत्रित किया है। हम समाज के सभी वर्गों को एक साथ लेकर चले हैं। भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से नियंत्रण रखा है। जनता को सुशासन दिया है।


