जिले की लखनवाड़ा पुलिस और आबकारी अमले ने जैतपुरकलां गांव में कार से 19 पेटी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत 87 हजार 440 रुपए है। कार में रखकर शराब की तस्करी की जा रही थी। जैतपुरकलां में घेराबंदी कर कार को रोका लखनवाड़ा थाना प्रभारी सी.के. सिरामे और जिला सहायक अबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव ने बुधवार शाम 5 बजे बताया कि मुखबिर से अर्टिगा में अवैध रूप से शराब का परिवहन करने की सूचना मिली थी। इस पर थाना स्तर पर टीम गठित की गई और अबकारी अमले ने संयुक्त रूप से जैतपुरकलां में घेराबंदी कर कार को रोका। चालक को मौके से भाग गया। तलाशी लेने पर वाहन में 18 पेटी देशी और एक पेटी अंग्रेजी शराब कुल 19 पेटी शराब शीलबंद मिली हैं। वाहन चालक के संबंध में पता किया गया। इसमें पता चला कि वाहन को बंडाेल थाना क्षेत्र के टिकारी और वर्तमान में सिवनी के ईश्वर नगर में रहने वाला कपिल पिता सुनील बघेल (25) चला रहा था। नव वर्ष में शराब बेचने की मिली जानकारी नववर्ष में वाहन में बड़ी मात्रा में शराब मिलने से आशंका जताई जा रही है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पूर्व में बंडोल, छपारा सहित आसपास के गांवों की महिलाएं गांव में अवैध रूप से देशी-विदेशी शराब की बिक्री होने से गांव का माहौल खराब होने की शिकायत कर चुकी हैं। जैतपुरकला समेत आसपास के गांव लोगों का आरोप है कि सिवनी और पड़ोसी जिले से उनके गांवों में अवैध शराब परिवहन कर लाई जाती है। इसके बाद गांव में इसे अधिक दामों में बेचा जाता है। फिलहाल शराब और वाहन जब्त करने के बाद मामला दर्ज कर इस बात का पता लगा रही है कि शराब कहा से लाई और कहा ले जाई जा रही थी?


