दिवाली, प्रकाश पर्व और क्रिसमस पर इस बार मोहाली जिले में ऑनलाइन पटाखों की बिक्री नहीं हो पाएगी। अमेजन व फ्लिपकार्ट जैसी ऑनलाइन कंपनियां न तो पटाखों की बिक्री करेंगी और न डिलीवरी करने की अनुमति होगी। डीसी कोमल मित्तल की तरफ से यह ऑर्डर जारी किए गए हैं। उन्होंने पुलिस को कहा है कि वह इस पर कड़ी नजर रखे, ताकि दोबारा इस तरह की स्थिति न बन पाए। वहीं, लोगों को सरकार द्वारा मंजूर ग्रीन पटाखे ही चलाने की अनुमति होगी। दिवाली पर 2 घंटे पटाखे चलाने की अनुमति जिला प्रशासन की तरफ से पटाखे चलाने का समय भी तय किया गया है। दिवाली पर बीस अक्टूबर को रात आठ से 10 बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति होगी। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व (5 नवंबर) को सुबह 4:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक और रात 9:00 बजे से रात 10:00 बजे तक पटाखे चलाने की अनुमति होगी। क्रिसमस (25 और 26 दिसंबर) को रात 11:55 बजे से रात 12:30 बजे तक, और नववर्ष की पूर्व संध्या (31 दिसंबर, 2025 – 1 जनवरी, 2026) को भी रात 11:55 बजे से रात 12:30 बजे तक पटाखे चलाए जा सकेंगे। पटाखे स्टोर नहीं पाएंगे व्यापारी डीसी ने कहा कि प्रशासन द्वारा तय जगहों पर ही पटाखे बिकेंगे। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में व्यापारी अक्सर बड़ी मात्रा में पटाखों की खरीद और भंडारण करते हैं, इसलिए निर्धारित सुरक्षा और पर्यावरण संबंधी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। अगर कोई भंडारण करता है, तो उस पर एक्शन लिया जाएगा।


