बांसवाड़ा के अरथूना में पिता की मृत्यु पर अंतिम विदाई का सामान लेने जा रहे बेटे पर 11 केवी का बिजली का तार गिर गया। हादसे में वह बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में युवक को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार- अरथूना निवासी शब्बीर की सोमवार की सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उसका बेटा नाशीर(32) पिता के अंतिम संस्कार के लिए जरूरी सामान लेने पोरडा स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन का हाई-वोल्टेज तार उसके ऊपर गिर गया। इससे वो गंभीर हालत में झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अरथूना हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। झुलसने के कारण उसके शरीर की स्किन कई जगहों से बुरी तरह जलकर उतर गई। तार गिरने से एक मोटरसाइकिल भी जली
अरथूना थानाधिकारी प्रकाशचंद्र ने बताया कि युवक पर तार गिरने की घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। घायल को हॉस्पिटल भिजवाया। हादसे में सब्जी लेने आए एक अन्य युवक की बाइक भी जल गई। गनीमत रही कि युवक अपनी बाइक से थोड़ा दूर खड़ा था, जिससे वह हादसे का शिकार होने से बच गया। विभागीय अधिकारी बोले- तार नहीं टूटे, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे
बिजली विभाग के एसई भगवान दास बैरवा ने बताया कि घटना के बाद एईएन व जेईएन को मौके पर भेजा हैं। आगे से ऐसी कोई घटना नहीं हो, उसके लिए सभी अधिकारियों की बैठक कर रहे हैं। रोड क्रॉसिंग समेत अन्य जगह की लाइनों के तार टूटकर नीचे नहीं आए, इसके लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।


