फलोदी पुलिस ने 52 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में तीन साल से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी खुशाल हुड्डा को गिरफ्तार किया है। यह मामला 30 अप्रैल 2022 का है, जब भोजासर थाना पुलिस ने भाम्भुओं की ढाणी नोखड़ा में एक स्विफ्ट कार से 52 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया था, लेकिन आरोपी खुशाल हुडा और उसका एक साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसपी कुंदन कंवरिया के निर्देशानुसार, अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण और वृताधिकारी लोहावट संग्रामसिंह भाटी के सुपरविजन में भोजासर थानाधिकारी प्रेमाराम ने मुल्जिम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त के संबंध में आगे की जांच की जा सके। गिरफ्तार आरोपी खुशाल हुड्डा पुत्र अमानाराम जाट निवासी आमला, पुलिस थाना फलोदी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, खुशाल हुडा एक शातिर और आदतन मादक पदार्थ तस्कर है, जो लंबे समय से इस धंधे में लिप्त है। वह कम समय में जल्दी धन कमाने और लग्जरी जीवन जीने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी करता था।


