बुरहानपुर में वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण सप्ताह मनाया:बोदरली रेंज में बाइक रैली निकाली, स्कूलों में क्विज प्रतियोगिताओं से बढ़ाई जागरूकता

बुरहानपुर में वन विभाग द्वारा 1 से 7 अक्टूबर तक वन्यजीव संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को बोदरली रेंज में एक बाइक रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य आमजन को वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस रैली में वनकर्मियों और स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लिया। वनकर्मी बाइक पर बोदरली रेंज के विभिन्न गांवों में घूमे और पोस्टर-बैनर के माध्यम से जागरूकता फैलाई। उन्होंने “शिकार पर लगाम लगाओ, वन्यप्राणियों के शीश बचाओ” जैसे नारे भी लगाए। वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के तहत स्कूलों में क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। बुरहानपुर मंडल की नावरा रेंज में, ग्राम हैदरपुर स्थित पीएमश्री शासकीय हाईस्कूल में कक्षा नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण जागरूकता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, वन संपदा के महत्व और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। पाटीदार अलावे (कक्षा दसवीं) ने प्रथम, सुनील नाहर सिंग (कक्षा नौवीं) ने द्वितीय और महेश मनोज चौहान (कक्षा नौवीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष नरेंद्र सुपडु ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्राचार्य मीना यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बढ़ती है। नावरा रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने बताया कि सोमवार को पीएमश्री हैदरपुर और डाभियाखेड़ा हाईस्कूल, दोनों में क्विज स्पर्धा कराई गई। डाभियाखेड़ा में कक्षा दसवीं की कृष्णा प्रथम, कक्षा नौवीं की कावेरी मिश्रा दूसरे और नौवीं की नव्या विजय कास्डे तीसरे स्थान पर रहीं। वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का समापन 7 अक्टूबर को होगा। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *