रायगढ़ को 70 करोड़ के विकास कार्यों की मिली सौगात:डिप्टी CM ने किया लोकापर्ण और भूमिपूजन, कहा- हमने बनाया है हम ही संवारेंगे के संकल्प के साथ हमारी सरकार कार्य कर रही

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में प्रदेश के डिप्टी सीएम अरूण साव ने 70.54 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। जिसमें जिसमें प्रदेश के वित्तमंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, महापौर, सभापति समेत भाजपा के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के लिए 43.58 करोड़ रुपए की लागत के 7 कार्यों का शिलान्यास तथा 70 लाख रुपए की लागत के दो विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही लोक निर्माण सेतु विभाग अंतर्गत 17 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत के 3 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं लोक निर्माण रायगढ़ संभाग अंतर्गत 4 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत के 3 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 4 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत के 2 विकास कार्यों लोकार्पण किया गया। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने शहर के अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपए से अधिक की राशि की घोषणा भी की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही दो हितग्राहियों को आवास पूर्ण होने पर प्रतीकात्मक चाबी दी और दो स्वच्छता दीदियों को पीपीई किट प्रदान किया। 222 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जा चुकी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि हमारी सरकार हमने बनाया है हम ही संवारेंगे के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। सरकार बनते ही सबसे पहले 18 लाख गरीब परिवारों को पक्के आवास की स्वीकृति दी गई है। महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अकेले रायगढ़ नगर निगम को पिछले 20 महीनों में 343 विकास कार्यों के लिए 222 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में काम
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि छत्तीसगढ़ के 7 शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता पुरस्कार मिला है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 700 से अधिक टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जिससे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों को गति मिलेगी।
सरकार विकास के संकल्प के साथ काम कर रही
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। रायगढ़ जिले को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ आमजन को सीधे तौर पर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में सड़क, पुल-पुलिया, नालंदा और ऑक्सीजोन जैसे कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *