आगर मालवा के किसानों की खराब फसलों का सर्वे कर उन्हें मुआवजा दिलवाने की मांग को लेकर सुसनेर विधायक भैरोंसिंह बापू कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। विधायक बापू ने बताया कि उन्होंने मां बगलामुखी को ज्ञापन स्वरूप पत्र चढ़ाकर किसानों को न्याय दिलाने की प्रार्थना की। उन्होंने मुख्यमंत्री समेत आगर जिला प्रशासन के अधिकारियों को सद्बुद्धि देने की कामना की, ताकि किसानों की सही हानि रिपोर्ट तैयार कर उन्हें उचित मुआवजा दिलाए। ज्ञापन में लिखा गया है कि वर्षा और कीट प्रकोप से आगर जिले के किसानों की फसलें नष्ट हो चुकी हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में किसानों की हानि को शून्य बताया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मां के दरबार में संकल्प लिया कि जब तक हर किसान को उसका हक और सम्मान नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


