नागौर के चाऊ गांव में करीब 40 साल पुराना पंप हाउस ढह गया। पंप हाउस ढहने की सूचना पर जलदाय विभाग के एसई अजय कुमार समेत विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सरपंच सुरेश कुमार चारण ने बताया कि चाऊ गांव में बना हुआ पंप हाउस काफी समय से जर्जर स्थिित में था। पिछले 2 दिन से हुई बरसात के बाद पंप हाउस की छत भरभरा कर गिर गई। पीएचईडी(जलदाय) विभाग के एसई अजय कुमार ने बताया कि विभाग का चाऊ गांव में बने जलदाय विभाग के पंप हाउस से पिछले 40 साल से आसपास की करीब 11 ढाणियों के लिए पेयजल सप्लाई हो रही थी। इन ढाणियों की कुल आबादी करीब 3 हजार के करीब है। ढहे पंप हाउस में एक हॉल बना हुआ था, जिसमें पंप हाउस से जुड़े उपकरण लगे हुए थे। गनीमत रही कि हादसे के समय अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। एसई अजय कुमार ने बताया कि पंप हाउस काफी समय से जर्जर हो चुका था। हाल ही में गत जून में चाऊ गांव में नया पंप हाउस निर्माण करने के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था। नए पंप हाउस के निर्माण के लिए 4मीटर*6मीटर की जमीन भी अलॉट हो गई है। लेकिन स्वीकृति से पहले ही ये घटना हो गई। इस पंप हाउस से आसपास की 30 जीएलआर (टंकियों) में पेयजल सप्लाई की जा रही थी।


