दुर्ग निगम ने दीपावली के लिए फटाका बाजार की घोषणा:कर्मचारियों को भी मिलेगा एकमुश्त उपादान, 56 को मिलेंगे 1.15 करोड़ रुपए

दुर्ग नगर पालिक निगम ने दीपावली पर्व के लिए दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। निगम ने नगरवासियों के लिए अस्थायी फटाका बाजार लगाने की योजना बनाई है, वहीं कर्मचारियों को एकमुश्त उपादान राशि वितरित करने का फैसला किया है। निगम जे.आर.डी. स्कूल मैदान में अस्थायी फटाका स्टॉल लगाएगा। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर, केवल अधिकृत व्यवसायियों को ही निगम सीमा क्षेत्र में फटाका बेचने की अनुमति होगी। इसके लिए निगम ने नियम और शर्तें निर्धारित की हैं, जिनका पालन अनिवार्य होगा। दिवाली स्टॉल के लिए आवेदन 8 अक्टूबर तक बाजार विभाग के अनुसार, इच्छुक व्यापारी 8 अक्टूबर 2025 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। स्टॉलों का आवंटन 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे लॉटरी प्रणाली से होगा। प्रत्येक स्टॉल का आकार 10×15 फीट होगा और इसका शुल्क 3,300 रुपये निर्धारित किया गया है। नियम व शर्तों की विस्तृत जानकारी बाजार विभाग कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। निगम ने चेतावनी दी है कि फटाका विक्रय केवल निर्धारित स्थल और अवधि तक ही मान्य होगा; उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। दीपावली से पहले 56 कर्मचारियों को मिलेगी उपादान राशि दीपावली से पहले, निगम ने अपने कर्मचारियों को भी उपादान राशि देने का निर्णय लिया है। महापौर अलका बाघमार और वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे की पहल पर, कुल 56 कर्मचारियों को एकमुश्त उपादान राशि प्रदान की जाएगी। यह वितरण कार्यक्रम 7 अक्टूबर को मोतीलाल सभागार में दोपहर 3 बजे आयोजित होगा। कुल 1 करोड़ 15 लाख 86 हजार 780 रुपये (1,15,86,780 रुपये) की उपादान राशि जीवित और दिवंगत दोनों श्रेणी के कर्मचारियों में वितरित की जाएगी। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भविष्य में भी कर्मचारी-हितैषी निर्णय लेने का आश्वासन दिया। वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे ने बताया कि शेष कर्मचारियों को भी उपादान राशि जल्द ही वितरित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *