जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की डीएसटी वेस्ट टीम ने अवैध हथियार सप्लायर को 3 पिस्टल व 10 कारतूस के साथ दस्तयाब किया। हथियार सप्लायर मध्यप्रदेश से हथियार लाता था और उसे डिमांड के अनुसार बेचता था। पिछले 6 माह से वह लगातार हथियार की सप्लाई में लिप्त था। MP से लाता था हथियार डीसीपी वेस्ट राजर्षिराज वर्मा ने बताया कि हथियार सप्लायर की सूचना पर उसे झंवर थाना क्षेत्र के खाटावास फांटा से शाम साढे चार के करीब पकड़ा। सप्लायर सुनील विश्नोई खुडाला का रहने वाला है । आरोपी पिछले 6 माह से हथियारों की सप्लाई कर रहा है और मध्यप्रदेश से हथियार लाता था। डीएसटी टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर पिंटू कुमार ने बताया कि बस से एक हथियार सप्लायर के आने की सूचना मिली जिस पर हमारी टीम मोटर साइकिल पर सवार होकर लगातार बस का पीछा कर रही थी। जैसे ही सुनील बिश्नोई बस से उतरा और भागने की फिराक में था। टीम ने पीछा कर पकड़ा। उसके हाथ में एक बैग था बैग के बारे में जानकारी देने को लेकर आनाकानी करने लगा। इस पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने हथियार की जानकारी दी। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश में जुटी है। सुनील कहा पिस्टल की सप्लाई कर रहा था वह कहा से पिस्टल लाता था आदि जानकारी जुटा रही है। डीसीपी राजर्षिराज वर्मा ने बताया कि सुनील मध्यप्रदेश से हथियार लेकर आया है और उसे लेकर भी हमारी टीम जांच कर रही है। नए वर्ष को ध्यान में रखते हुए जिला पश्चिम में सभी थाना अधिकारियों को बदमाशों पर निगरानी रखने के निर्देश दे रखे थे। मुखबिर की सूचना पर झंवर पुलिस व डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई की।


