छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने निगम के पदाधिकारियों के साथ छठ को लेकर बैठक की। जिसमें पूजा स्थलों व छठ घाटों की स्वच्छता, वहां प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन, कृत्रिम चेंजिंग रूम, पेयजल की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा की गई। निगम को छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी कई अहम सुझाव दिए। बताया गया कि घाटों पर अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था हो। श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेडिंग लगाई जाए। जिन घाटों पर जरूरत है, वहां स्टोन डस्ट गिराया जाए और जमीन को समतल बनाया जाए। पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को निगम प्रशासक ने कहा कि उनके सुझावों पर जल्द से जल्द पहल की जाएगी। निगम प्रशासक ने सभी पदाधिकारियों व सुपरवाइजर को छठ समितियों के साथ समन्वय बना हरसंभव सहयोग करने का निर्देश दिया। छठ पर्व के दौरान निगम का कंट्रोल रूम दूरभाष संख्या 18005701235 सक्रिय रहेगा, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासक ने सभी से अपील की कि श्रद्धालु एवं आम नागरिक भी नगर निगम के साथ सहयोग करें। पूजा के बाद किसी प्रकार का कचरा या अवशेष तालाबों में न डालें। इसके अलावा प्रशासन ने लोगों को सफाई और स्वच्छता के लिए जागरुक भी करने का निर्णय लिया है। घाट के आसपास सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था होगी। {खरना के दिन से छठ महापर्व पूर्ण होने तक मीट/ मछली की दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखने का निर्देश दिया गया। { व्हाट्सएप ग्रुप तैयार करते हुए सभी छठ पूजा समितियां व निगम के पदाधिकारी समन्वय स्थापित करेंगे सभी घाटों में बांस-बल्ली/ बैलून से बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी। ताकि घाट पर किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
निगम के अभियंता शाखा की टीम घाटों के पहुंच पथ पर प्राथमिकता के साथ स्टोन डस्ट से समतल करने का कार्य करेंगे।
नालियों की सफाई होगी और खुले नालियों को ढंका जाएगा। जहां भी सड़कों पर नालियां बह रही होंगी, वहां नालियों को दुरुस्त किया जाएगा।
छठ घाट तक पहुंचनेवाले सभी संपर्क पथों की खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा।
सभी घाटों पर मॉड्यूलर टॉयलेट, सुलभ शौचालय की विशेष सफाई होगी। घाट के आसपास सफाई बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। जलाशयों एवं घाटों के संपर्क पथों से अतिक्रमण हटाया जाएगा, इसके लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासक ने निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निगम क्षेत्र में चिह्नित सभी 73 जलाशयों व घाटों पर विशेष सफाई अभियान तत्काल शुरू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके तहत घाटों की सफाई, कचरा उठाव तथा घाटों तक पहुंच मार्गों की मरम्मत एवं समतलीकरण का कार्य त्वरित गति से किया जाएगा। निगम की टीमें प्रतिदिन निगरानी करेंगी। संबंधित शाखाओं को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक रवींद्र कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सभी सहायक प्रशासक, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर एवं शहर की प्रमुख छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


