भास्कर न्यूज | लातेहार जिले में मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और फर्जी निकासी का मामला लगातार सामने आ रहा है। इस मामले में आजसू पार्टी, लातेहार ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के जिला संगठन सचिव सरोज लोहरा ने उपायुक्त, लातेहार को आवेदन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में कहा गया है कि गारू प्रखंड के कोटाम पंचायत में कई व्यक्तियों के नाम से फर्जी जॉब कार्ड बनाकर मनरेगा की राशि की अवैध निकासी की गई है। जबकि संबंधित व्यक्ति वास्तव में लातेहार नगर पंचायत के वार्ड-5 के निवासी हैं। आवेदन में जिन व्यक्तियों के नाम का उल्लेख है, वे इस प्रकार हैं। तब्बाक हुसैन जॉब कार्ड, कामिल हुसैन, खान मुहल्ला, सोमन प्रवीन, मासुमा प्रवीन सभी नगर पंचायत क्षेत्र लातेहार के वार्ड 5 के रहने वाले हैं। लेकिन गारू से जॉब कार्ड अवैध रूप से पैसा निकासी कर रहे हैं। आजसू पार्टी का आरोप है कि यह पूरा फर्जीवाड़ा मनरेगा ऑपरेटर, जूनियर इंजीनियर बीपीओ, रोजगार सेवक और पंचायत मुखिया की मिलीभगत से संभव हुआ है। सरोज लोहरा ने कहा कि मनरेगा गरीबों के रोजगार का अधिकार है। किसी के निजी स्वार्थ के लिए इस योजना का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों की पहचान कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन समय पर कार्रवाई नहीं करता है, तो आजसू पार्टी जन आंदोलन सहित अन्य कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होगी। ^पंचायत के पंचायत सेवक सुरेश उरांव ने कहा कि गलती हुई है। बिचौलिया दबाव बनाकर भुगतान करा लेने है। घर घर जाकर मजदूरी चेक नहीं किया जा सकता है। फर्जी जॉब कार्ड ऑपरेटर बनाता है।^ -सुरेश उरांव, रोजगार सेवक, कोटाम


