अजमेर में स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से पदमपुरा गांव में एक फैक्ट्री में दबिश देकर कार्रवाई की गई। टीम ने मार्केट में बिकने के लिए तैयार किए गए 2000 किलो चीज को नष्ट किया। फूड विभाग की टीम को पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, बैच नंबर और कोडिंग तक नहीं मिली थी। जिस पर टीम की ओर से यह कार्रवाई की गई। टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी केसरी नंदन शर्मा ने बताया कि सीएमएचओ के निर्देश पर जिले में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान चलाया जा रहा है। जिसको देखते हुए फूड डिपार्टमेंट की टीम अलर्ट मोड पर है। टीम की ओर से मैन्युफैक्चरिंग वाली जगह पर जाकर चेक किया जा रहा है। मंगलवार को टीम पुष्कर रोड स्थित पदमपुरा गांव में संचालित शिवांश पिज्जा चीज फैक्ट्री पर दबिश दी गई। फैक्ट्री के अंदर चीज का निर्माण किया जा रहा था। विभिन्न प्रकार की चीज तैयार की जा रही है। 2000 किलो चीज तैयार करके मार्केट में सप्लाई के लिए पेक्ट रखे हुए थे। लेकिन उन पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, बैच नंबर और कोडिंग तक नहीं थी। लेबल में पूरा एड्रेस तक नहीं लिखा हुआ है। जो कि नियमों का उल्लंघन है। शर्मा ने बताया कि इस चीज में बटर का फ्लेवर भी मिला रखा था। जिससे कि ग्राहक को घी की खुशबू आती। मालिक की ओर से कोई संताेजनक जवाब नहीं दिया गया। मोजरेला चीज भी तैयार की गई थी। भंवर सिंह नाम के व्यक्ति के द्वारा फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए 2000 किलो चीज को नष्ट किया है। सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


