इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.40 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। जब पुलिस टीम ने आरोपी से पूछताछ करनी चाही तो वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 लाख 14 हजार रुपए बताई जा रही है। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि रीवर साइड संजय सेतु पार्किंग मेन रोड इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर बैठा है। टीम मौके पर पहुंची और उस पर नजर रखी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब टीम ने पूछताछ की, तो वह घबरा गया और भागने लगा। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फिरोज खान निवासी खाचरोद उज्जैन बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 21.40 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि वह ड्रग्स कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। नशे का आदी है आरोपी प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए सस्ते दाम पर ड्रग्स खरीदकर उसे नशे के आदी अन्य लोगों को महंगे दामों में बेचता था।


