राजनांदगांव में सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप शुरू:63 टीमें शामिल; दुबई-कुवैत-मस्कट और ओमान के खिलाड़ी भी खेलेंगे

राजनांदगांव के दिल्ली पब्लिक स्कूल में सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 का शुभारंभ हुआ। 6 अक्टूबर से शुरू हुए इस प्रतियोगिता में देश-विदेश की कुल 63 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह की शुरुआत सैनिक कैडेटों द्वारा मशाल रैली और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर की गई। चैंपियनशिप में भारत के कई राज्यों के साथ-साथ दुबई, कुवैत, मस्कट और ओमान की अंतरराष्ट्रीय टीमें भी शामिल हैं। डॉ. रमन सिंह हुए शामिल छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा, “डीपीएस के छात्र अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। खेल केवल शारीरिक कौशल का प्रतीक नहीं, बल्कि यह अनुशासन, टीम वर्क और आत्मविश्वास का भी परिचायक है।” चेयरमैन सुशील कोठारी ने शिक्षा और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। सीबीएसई ऑब्जर्वर शैलेंद्र मोहन एस. उपाध्याय ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों के बीच राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मित्रता को मजबूत करती हैं। खेल भावना के महत्व पर दिया मार्गदर्शन एनआईटी कोच राजेश्वर राव कर्णा ने खिलाड़ियों को रणनीति, एकाग्रता और खेल भावना के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष कमल सिंह राजपूत, महामंत्री सौरभ कोठारी, डीपीएस स्कूल के सुनील जैन, ललित भंसाली, रामदेव राठी और अभिषेक वैष्णव भी उपस्थित थे। विद्यालय की प्राचार्या और आयोजक टीम ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता की रूपरेखा, नियमावली और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। यह आयोजन युवाओं की खेल प्रतिभा को एक नया मंच प्रदान करता है। डीपीएस राजनांदगांव ने इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के माध्यम से शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *