बारां के केलवाड़ा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि फरियादी अविनाश पुत्र मांगीलाल किराड़ और धीरज पुत्र चम्पालाल किराड़ निवासी खुशियारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जून 2025 की रात को नारानखेड़ा रोड स्थित उनके बाड़े से दो ट्रैक्टर चोरी हो गए थे। दोनों ट्रैक्टर टीन शेड गैराज में खड़े थे और बाड़े पर ताला लगा हुआ था। सुबह चोरी का पता चलने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फरियादियों की रिपोर्ट पर केलवाड़ा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी राजेश चौधरी के सुपरविजन में वृत्ताधिकारी शाहबाद रिछपाल मीणा के निर्देशन और थानाधिकारी मानसिंह मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने अथक प्रयासों के बाद आरोपी रामचन्द्र पुत्र भैरूलाल तंवर (50) निवासी दुर्जनपुरा, थाना घाटोली, जिला झालावाड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से चोरी गया एक ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है, जिससे मामले में और खुलासे होने की संभावना है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी मानसिंह मीणा, सउनि शंभुदयाल, कानि मुकेश, अशोक और धारासिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


