जांजगीर-चांपा में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान का आगाज:AICC आब्जर्वर विवेक बंसल बोले-संगठनात्मक ढांचा कमजोर, कार्यक्रम के दौरान सोते दिखे सत्यनारायण शर्मा

जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का शुभारंभ हो गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर उत्तर प्रदेश से आब्जर्वर विवेक बंसल सोमवार को जांजगीर पहुंचे। उनके साथ पर्यवेक्षक सत्यनारायण शर्मा, इंग्रिड मेकलाउड और विधायक जनक ध्रुव भी मौजूद रहे। इस दौरान पर्यवेक्षक सत्यनारायण शर्मा कार्यक्रम में सोते हुए दिखाई दिए। जिस पर पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया ने कहा कि वे चिंतन कर रहे हैं। अभियान की शुरुआत से पहले आब्जर्वर विवेक बंसल ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने उन्हें सलाह दी कि वे केवल संगठन से जुड़े मुद्दों पर ही बात करें और राज्य सरकार या कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर कोई टिप्पणी न करें। संगठनात्मक ढांचा हो गया है कमजोर विवेक बंसल ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है, लेकिन इसका संगठनात्मक ढांचा कमजोर हो गया है। इसी कारण राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश में संगठन सृजन की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों तक जिले के कार्यकर्ताओं, सामाजिक और व्यापारी वर्ग के लोगों से राय ली जाएगी। राहुल गांधी ने दिया एकता का संदेश उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नेता की सिफारिश नहीं चलेगी, बल्कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता की राय को प्राथमिकता दी जाएगी। विवेक बंसल ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के जरिए एकता का संदेश दिया। उन्होंने ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ के नारे को आरोप नहीं, बल्कि सबूतों पर आधारित सच्चाई बताया। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में कर रही काम- चरणदास बंसल ने केंद्र सरकार पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) और चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। वहीं पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि यह पहली बार है, जब कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले संगठन कुछ बड़े नेताओं के इशारे पर चलता था। जिसके कारण कांग्रेस राज्य और केंद्र दोनों में सत्ता से दूर रही। अब AICC स्तर से निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के तहत जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *