कोटपूतली के आतेला सीएचसी में स्वास्थ्य शिविर:’स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान, बीसीएमओ ने किया निरीक्षण

कोटपूतली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहल पर ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान के तहत आतेला सीएचसी में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महिलाओं की एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी और निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। शिविर का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि आशीष धनखड़ ने किया। बीसीएमओ डॉ. सुनील मीणा ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के साथ इस अभियान की शुरुआत की थी, जिसका मुख्य फोकस महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर है। सीएचसी प्रभारी डॉ. सत्यनारायण स्वामी ने जानकारी दी कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार और परिवारों को सशक्त बनाना है। शिविर में महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता की जानकारी दी गई, साथ ही महिलाओं और बच्चों को संतुलित आहार व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में महिलाओं की गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) और टीबी की स्क्रीनिंग की गई। हीमोग्लोबिन स्तर, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच कर हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया और सामान्य कैंसर का पता लगाया गया। डॉ. संतोष स्वामी ने जीवनशैली संबंधी रोगों, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और टीकाकरण पर काउंसलिंग प्रदान की। टीबी मरीजों को पोषण किट भी वितरित किए गए। शिविर के दौरान कुल 214 ओपीडी दर्ज की गईं। इसमें 9 गर्भवती महिलाओं की जांच, 7 बच्चों का टीकाकरण, कई किशोर-किशोरियों की स्वास्थ्य संबंधित काउंसलिंग, 57 एनसीडी और टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग तथा 50 लोगों की एनीमिया हेतु जांच शामिल थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *