अशोकनगर पुलिस ने शहर में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तारियों में ऑनलाइन बैटिंग साइट के माध्यम से सट्टा खिलाने वाले आरोपी भी शामिल हैं। पहले मामले में, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शमशाद खान नामक व्यक्ति संजय स्टेडियम के पास जिम्बाब्वे बनाम UAE लीग मैच में ऑनलाइन बैटिंग साइट 1EXCH.com के जरिए हार-जीत पर सट्टा लगवा रहा है। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शमशाद खान (निवासी आज़ाद मोहल्ला) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसका उपयोग वह सट्टा संचालित करने के लिए कर रहा था। पूछताछ में शमशाद ने बताया किया कि अशोकनगर निवासी विकाश जैन और राजू जैन ने उसे ऑनलाइन बैटिंग आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए थे। पैसों का लेनदेन भी ऑनलाइन माध्यम से किया जाता था। पुलिस ने शमशाद खान और राजू जैन को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना कोतवाली में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 4-क और 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। दूसरे मामले में, पुलिस को मिली सूचना के आधार पर शांति नाथ मंदिर के पास छापा मारा गया। इस दौरान विनीत जैन (48) और सोनू जैन (44) को सट्टा खेलते और खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 3 सट्टा रजिस्टर, 4500 रुपए नकद, 2 मोबाइल फोन और अन्य सट्टा उपकरण जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 4-क और 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने शहर में सट्टा गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक रविप्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस अभियान में प्रधान आरक्षक नवल शर्मा, प्रधान आरक्षक पंकज तिवारी, आरक्षक महेश बघेल, अवनीश दोहरे, देवेंद्र सेंगर, विशाल पारदी, संदीप और रविंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


