मऊगंज और रीवा जिले के कई इलाकों में पिछले लगभग 15 दिनों से रात के समय उड़ रहे रहस्यमयी ड्रोन ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। इन उड़ानों के कारण क्षेत्र में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। नईगढ़ी थाना क्षेत्र के भिटवा, भदावल, मझिगवां, मौहरिया, कुशहा, बधवा सहित आसपास के गांवों में आधी रात को ये ड्रोन देखे जा रहे हैं। हनुमना थाना क्षेत्र और रीवा जिले के तराई अंचल के गांवों में भी ऐसी ही घटनाएं सामने आई हैं। अकौरी निवासी उमाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार रात के सन्नाटे में आसमान में चमकती रोशनी वाले ड्रोन देखकर लोग डरे हुए हैं। कई ग्रामीणों के अनुसार, यह सिलसिला बीते दो हफ्तों से लगातार जारी है, जिससे लोग रातभर जागकर चौकसी कर रहे हैं। क्षेत्र में यह चर्चा का मुख्य विषय बन गया है कि आखिर इन ड्रोन को कौन और किस उद्देश्य से उड़ा रहा है। फिलहाल, आधी रात को उड़ने वाले इन रहस्यमयी ड्रोन का राज अभी भी बरकरार है और क्षेत्र की जनता इसके पीछे की सच्चाई जानने को उत्सुक है। पुलिस को दें पहले सूचना थाना प्रभारी नईगढ़ी जगदीश सिंह ठाकुर ने ड्रोन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि सतर्कता बढ़ा दी गई है और बाहरी तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी संदेहास्पद व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जा सके।


