जीएसटी विभाग ने कई मालवाहक वाहन जब्त किए:बालाघाट में आकस्मिक चेकिंग से हड़कंप, टैक्स की हो रही जांच

बालाघाट जिले में मालवाहक वाहनों में परिवहन किए जा रहे सामानों पर जीएसटी टैक्स की जांच की जा रही है। कर आयुक्त के निर्देश पर सहायक कर आयुक्त सरिता सिरसाम के नेतृत्व में जीएसटी विभाग यह कार्रवाई कर रहा है। विभाग ने कई वाहनों को जब्त भी किया है। मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर जीएसटी विभाग ने वाहनों की जांच की। कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगरी गर्रा में कार्रवाई के बाद मालवाहक वाहनों को गर्रा स्थित हाईवे चौकी में खड़ा करवाया गया है। जीएसटी विभाग के अधिकारी डी.एल. पटले ने बताया कि विभागीय निर्देशों के तहत यह कार्रवाई जारी है। टीम आकस्मिक रूप से वाहनों की जांच कर रही है और परिवहन सामग्री के बिलों में जीएसटी टैक्स से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि अधिनियम के तहत कुछ खामियों के कारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आधे दर्जन से अधिक वाहन अभिरक्षा में लिए गए हैं। पटले ने यह भी बताया कि यह कार्रवाई जारी रहेगी और आने वाले दिनों में बिना जीएसटी जमा किए सामानों के परिवहन के मामलों में जुर्माना भी लगाया जाएगा। लंबे समय बाद जिले में अचानक शुरू हुई जीएसटी जांच से मालवाहक वाहन चालकों में हलचल है। आगामी दीपावली त्यौहार के कारण सामानों की मांग बढ़ गई है, जिसे देखते हुए व्यवसायी भी बड़ी मात्रा में माल मंगा रहे हैं। विभाग यह जांच कर रहा है कि इन आ रहे मालों पर जीएसटी का भुगतान किया गया है या नहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *