गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के मुरुमकेला गांव में 34 वर्षीय तेलसफोर केरकेट्टा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधियों ने खेत की ओर जा रहे तेलसफोर की गर्दन पर वार किया। तेलसफोर ठेंगा टोली मुरुमकेला निवासी स्व. फ्रांसिस केरकेट्टा के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलते ही कामडारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मंगलवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटाई है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाना खाकर निकला, फिर वापस नहीं लौटा मृतक तेलसफोर केरकेट्टा अपनी मां या बहनों के पास रहता था। उसकी मां कैची मोरे के होटल में काम करती है। परिवार के सदस्यों ने आशंका जताई है कि किसी विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया होगा। जानकारी के अनुसार, तेलसफोर 6 अक्टूबर को अपनी मां के साथ था। इसके बाद सुबह वह अपनी बहन के गांव लप्पा गया और वहां खाना खाकर निकला था। तेलसफोर केरकेट्टा शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर लोगों से झगड़ जाता था। उसकी बहन सुशीला केरकेट्टा को मंगलवार को इस घटना की सूचना मिली।