फलवृद्धिका शैक्षणिक विकास समिति फलोदी द्वारा लगातार दूसरे वर्ष पुष्करणा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर को शाम 4 बजे स्थानीय व्यासों की बगेची में होगा। कार्यक्रम की तैयारियों और सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के चयन के लिए समिति अध्यक्ष बृज मोहन व्यास की अध्यक्षता में आज कार्यकारिणी बैठक हुई। समिति सचिव सीए उमेश व्यास ने बताया कि इस वर्ष भी प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 50 ग्राम चांदी का सिक्का प्रदान किया जाएगा। संरक्षक बृज मोहन बेनावत, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश पुरोहित और राजेश कल्ला ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया। समिति के उपाध्यक्ष किशोर बोहरा, विश्वंभर थानवी, प्रमोद थानवी, विनोद पुरोहित, राजेंद्र बोहरा, मुरारी लाल थानवी और राजकुमार पुरोहित सहित अन्य शिक्षाविदों ने सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की पात्रता मानदंडों पर विचार-विमर्श किया। मीडिया संयोजक दिलीप व्यास ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा 10 और 12 में 85 प्रतिशत या अधिक तथा स्नातक में 70 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ पेशेवर डिग्री पूरी करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। समिति सदस्य आदित्य व्यास के अनुसार, सरकारी सेवा में चयनित व्यक्ति भी सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष आवेदन के लिए ललित बोहरा ने एक डिजिटल लिंक भी उपलब्ध कराया है। इच्छुक उम्मीदवार कामधेनु डिजिटल लाइब्रेरी, गौशाला चौक पर दोपहर तीन से रात्रि नौ बजे तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं या ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भी आवेदन जमा कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन 24 अक्टूबर तक और ऑनलाइन आवेदन 21 अक्टूबर तक स्वीकार किए जाएंगे।


