नीमच सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्कीयाखाल निवासी तनिष पिता सुनील पाटीदार के रूप में हुई है, जो धानुका फैक्टरी में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, तनिष शाम करीब 7 बजे धानुका फैक्टरी से ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान जैतपुरा चौराहे के पास एक वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तनिष गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद उसे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार दोपहर नीमच सिटी पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर वाहन चालक की तलाश और आगे की जांच शुरू कर दी है।


