बिग बॉस कन्नड़-12 को तुरंत बंद करने के आदेश:जिस स्टूडियो में शूटिंग हो रही है, वो सील होगा; 16 कंटेस्टेंट सेट में मौजूद, किच्चा सुदीप हैं होस्ट

कन्नड़ सिनेमा के सबसे ज्यादा देखे जा रहे शो बिग बॉस कन्नड़ सीजन 12 को बंद किया जा रहा है। ये आदेश कर्नाटक के KSPCB (कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) द्वारा दिया गया है। आरोप हैं कि बिदादी स्थित जिस स्टूडियो में शो की शूटिंग चल रही है, वहां पर्यावरण संबंधी नियमों का गंभीर उल्लंघन किया गया है। बोर्ड द्वारा 6 अक्टूबर को वेल्स स्टूडियोज एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को निर्देश दिया है कि साइट पर चल रहीं सभी गतिविधियां (शूटिंग समेत) तत्काल बंद की जाएं। बोर्ड के बयान के अनुसार, परिसर में बड़े पैमाने पर मनोरंजन और स्टूडियो चलाया जा रहा है, जबकि इसके लिए आवश्यक स्थापना की अनुमति और कंसेंट ऑफ ऑपरेशन नहीं लिया गया है। जो जल प्रदूषण निवारण और नियंत्रण अधिनियम 1974 और वायु प्रदूषण निवारण और नियंत्रण अधिनियम 1981 के विरुद्ध है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अगर स्टूडियो द्वारा आदेश का पालन नहीं किया जाता और स्टूडियो तत्काल बंद नहीं किया जाता तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। बता दें कि इस स्टूडियो में बिग बॉस कन्नड़ के 12वें सीजन की शूटिंग जारी है। शो को 28 सितंबर से 19 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू किया गया था। इस शो को पॉपुलर कन्नड़ एक्टर किच्चा सुदीप होस्ट करते हैं। ये कन्नड़ का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो है। फिलहाल शो से 3 कंटेस्टेंट्स एविक्ट हो चुके हैं, जिसके बाद बचे हुए 16 कंटेस्टेंट्स के साथ शो की शूटिंग जारी है। शो को कलर्स कन्नड़ चैनल और जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *