ट्रैफिक कंट्रोल नहीं होने पर 12 बार थमा पथ संचलन:मक्सी में एबी रोड पर कदमताल करती हुई निकली दुर्गा वाहिनी की 800 महिलाएं

मक्सी में मंगलवार शाम को दुर्गा वाहिनी का पथ संचलन निकाला गया। यह संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा, जिसमें लगभग 800 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। हालांकि, एबी रोड पर यातायात नियंत्रित न होने के कारण संचलन को कई बार रुकना पड़ा, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनी। यह मक्सी नगर में दुर्गा वाहिनी का अब तक का सबसे बड़ा पथ संचलन था। एक किलोमीटर लंबे इस संचलन में बड़ी संख्या में महिलाएं थीं। युवतियों और बच्चियों ने सफेद कुर्ता, पायजामा और भगवा दुपट्टा धारण किया था, जबकि महिलाओं ने भगवा साड़ियां पहन रखी थी। सभी कदमताल करते हुए आगे बढ़ रही थीं। पथ संचलन की शुरुआत नई आबादी स्थित नर्मदा मंदिर से हुई और यह मक्सी बस स्टैंड, जैन मार्ग, मस्जिद चौक होते हुए झंडा चौराहे पर हुआ। नगर वासियों ने दो दर्जन से अधिक स्थानों पर फूल बरसाकर महिलाओं का स्वागत किया। विश्व हिन्दू परिषद मातृ शक्ति की प्रान्त संयोजक वैजयंती दीक्षित का कहना था कि एबी रोड पर मक्सी पुलिस द्वारा यातायात रोकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। इसके परिणाम स्वरूप संचलन को महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी में 12 बार रुकना पड़ा। इस अव्यवस्था से न केवल कार्यक्रम की गति बाधित हुई, बल्कि प्रतिभागियों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और आयोजकों ने पुलिस प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान बेहतर यातायात प्रबंधन की मांग की है, ताकि ऐसी असुविधा से बचा जा सके। इस पथ संचलन को सफल बनाने में दुर्गा वाहिनी की राष्ट्रीय सह संयोजिका पिंकी पंवार, विश्व हिंदू परिषद मातृ शक्ति की प्रांत सेवा प्रमुख डॉ. वैजयंती दीक्षित, दुर्गा वाहिनी की प्रांत सह संयोजक प्रीति जादम, मातृ शक्ति जिला सह संयोजिका मनीषा पांडे, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजक इति पांडे, दुर्गा वाहिनी प्रखंड संयोजक प्रज्ञा पाटीदार और मातृशक्ति प्रखंड संयोजक सागर दीदी पाटीदार सहित अन्य की भूमिका थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *