बदायूं में नए साल के पहले दिन SSP ऑफिस गेट पर 50 साल के व्यक्ति ने आत्मदाह की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग बुझाई। लेकिन वह करीब 70 फीसदी झुलस गया है। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद झुलसे व्यक्ति को बरेली रेफर किया गया है। पीड़ित गुलफाम शहर के नई सराय मोहल्ले का रहने वाला है। उसका 30 दिसंबर को इलाके के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि उसका ई रिक्शा और मोबाइल समेत कुछ रुपए आरोपियों ने छीन लिए थे। इस मामले में सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उसका यह भी आरोप है कि सीओ सिटी ने भी उसे डोडा (नशीला पदार्थ) में जेल भेजने की धमकी दी थी। बुधवार शाम को युवक के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में वादी जनशिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी बने हैं। इसमें जिक्र है कि गुलफाम एसएसपी आफिस परिसर में पहुंचा और खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। पहले 3 फोटो देखिए… पुलिस ने मुझे बेबस और मजबूर कर दिया शहर कोतवाली के मोहल्ला नई सराय निवासी गुलफाम (50 साल) ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाता था। बुधवार दोपहर वह एसएसपी ऑफिस पहुंचा। वहां उसने अपने ऊपर केरोसिन उड़ेल लिया और आग लगा ली। यह देख हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी कंबल-चादर लेकर दौड़े। किसी तरह आग पर काबू पाते हुए गुलफाम को बचाया। सीओ सिटी संजीव कुमार और सीओ उझानी शक्ति सिंह उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। मोबाइल और ई-रिक्शा छीन लिया, बंधक बनाकर पीटा गुलफाम ने बताया, 30 दिसंबर 2024 को मेरे साथ घटना हुई। दबंगों ने मेरा ई रिक्शा, मोबाइल फोन और 2200 रुपए छीन लिए। आरोपियों के नाम निहाल, मुनाजिर, शाकिर हैं। आरोपियों में मोहल्ले का वार्ड मेंबर, और भी लोग शामिल हैं। घर में बंधक बनाकर पीटा। इसकी शिकायत थाने में की, लेकिन थाने ने मदद नहीं मिली। थाने वालों ने मेरे ऊपर ही दबाव बनाया। भाजपा के नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कोतवाल को फोन कर उन दबाव बना दिया। क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार ने दबाव बनाया कहा कि दो किलो डोडा पाउडर में जेल भेज देंगे। पुलिस ने मुझे बेबस और मजबूर कर दिया। आज मैंने मजबूरी में एसएसपी ऑफिस में ऐसा करना पड़ा। ससुराल वालों से दो साल से विवाद चल रहा एसएसपी डॉक्टर बृजेश कुमार सिंह ने कहा- गुलफाम का ससुरालियों से दो साल से विवाद चल रहा है। इसमें कई मुकदमे सदर कोतवाली, मुजरिया और सिविल लाइंस थाने में दर्ज किए गए हैं। 30 तारीख को गुलफाम अपनी ससुराल में जबरन घुसा तो सलहज ने एक मुकदमा सदर कोतवाली में लिखाया था। उसी मुकदमे के तनाव में आकर उसने आत्मदाह का प्रयास किया। उसको तुरंत अस्पताल भेजा गया। जबकि वहां से उसे बरेली रेफर किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। विधायक बोले- मैं तो युवक को जानता तक नहीं वहीं भाजपा के नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा, मैं तो उस युवक को जानता भी नहीं। मुझे पता चला कि युवक मेरा नाम ले रहा था, लेकिन इस प्रकरण से मेरा कोई वास्ता नहीं है। हालांकि अक्सर पैरवी करनी पड़ती है, लेकिन मैंने इस मामले को लेकर इंस्पेक्टर कोतवाली से भी पता किया। उनका कहना था ऐसी कोई पैरवी हमारे स्तर से नहीं आई थी। युवक का उसकी पत्नी से विवाद है। तीन सिपाही सस्पेंड, गणना मेजर को हटाया मामले की विभागीय जांच हुई तो पता लगा कि दफ्तर की सिक्योरिटी ड्यूटी ही बुधवार को नहीं लगाई गई थी। एसएसपी ने देर रात पुलिस लाइन के गणना आफिस में तैनात सिपाही अर्जुन सिंह, दक्ष चौधरी व सोनू कुमार को सस्पेंड कर दिया है। वहीं गणना मेजर को भी हटा दिया है। एसएसपी ने बताया कि बाकी के आरोपों की भी जांच चल रही है। ————————- यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ में मां-4 बहनों की हत्या करने वाले का VIDEO:बोला- योगी जी ऐसे मुसलमानों को मत छोड़ना, जिन्होंने हमारा जीना हराम कर दिया योगी जी ऐसे मुसलमानों को मत छोड़ना, जिन्होंने जीना हमारा हराम कर दिया। हमारे घर पर कब्जा करना चाहते हैं। हम 13 दिन से फुटपाथ पर सोने के लिए मजबूर हैं। आरोपी हमारी बहनों को बेचना चाहते थे, लेकिन मैंने उन्हें बचाया है। आज ये बहुत तड़पी हैं। योगी जी हमारे जीते जी नहीं तो मरने के बाद ही इंसाफ दिलवाइए।’ ये बातें उस अरशद की हैं, जिसने लखनऊ में बाप के साथ मिलकर मां और 4 बहनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद बाप के साथ मिलकर वीडियो बनाया। पुलिस पूछताछ में उसने पिता के साथ वारदात की बात कबूली। कहा- पिता आत्महत्या के लिए होटल से निकले हैं। पढ़ें पूरी खबर…


