15 दिसंबर तक शरद महोत्सव में आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम:पहले दिन भंवर खटाना एंड पार्टी ने दी प्रस्तुति

धौलपुर में चल रहे शरद महोत्सव मेले में गुरुवार से सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। गुरुवार रात को लोकगीत गायक भंवर खटाना एंड पार्टी ने शरद महोत्सव में अपनी प्रस्तुति दी। जिसमें हरियाणवी डांसर और लोक गायक कोमल चौधरी के साथ सपना और शबनम ने भी शिरकत की। जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेला ग्राउंड पहुंचे। नगर परिषद सभापति खुशबू सिंह ने बताया कि शरद महोत्सव में 15 दिसंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पहले दिन लोक गायन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कलाकार भंवर खटाना एंड पार्टी के साथ हरियाणवी डांसर और दूसरे लोक गायकों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर लोकगीतों का लुफ्त उठाया। मेला ग्राउंड में आयोजित लोकगीत के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया। गुरुवार रात को आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने ब्रज क्षेत्र के गीत भी सुनाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शरद महोत्सव में 15 दिसंबर तक ब्रज कला का मंचन और कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें देश के मशहूर कवि और कवयित्री भाग लेने धौलपुर पहुचेंगे। दूसरी ओर शरद महोत्सव में लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। झूले और लजीज व्यंजनों को लेकर भी लोगों में क्रेज है। ऊंट सवारी के साथ मौत का कुआं लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। मेले में लगी कंबल और गर्म वस्त्रों की दुकानों पर भी लोगों को खरीददारी करते देखा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *