अयोध्या में निर्मला सीतारमण रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगी:2 दिन में सरयू घाट और बृहस्पति कुंड भी जाएंगी, आज योगी भी पहुंच रहे

देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज अयोध्या आ रही हैं। वह यहां 2 दिन रहेंगी। CM योगी आदित्यनाथ उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव करेंगे। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा करने बाद वित्त मंत्री बृहस्पति कुंड पहुंचेंगी। यहां दक्षिण भारत के 3 संगीतकारों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगी। अयोध्या में निषाद राज की प्रतिमा का लोकार्पण भी किया जाएगा। शहर के टेढ़ी बाजार चौराहा का बुधवार से नया नाम मिल जाएगा। वित्त मंत्री के आने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने सिक्योरिटी अरेंजमेंट जांचे हैं। अधिकारियों के पास जो प्रोटोकॉल आया है, उसके मुताबिक निर्मला सीतारमण दोपहर करीब 2:50 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या पहुंचेंगी। यहां से वह होटल रेडिसन जाएंगी, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 3 बजे राम कथा पार्क हेलीपैड पर पहुंचेंगे। हनुमानगढ़ी और राम मंदिर का करेंगे दर्शन सीएम योगी पहले हनुमानगढ़ी और रामलला दरबार में दर्शन-पूजन करेंगे। उसके बाद दोनों नेता बृहस्पति कुंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर दक्षिण भारतीय संतों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इस दौरान दोनों नेता तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र (PFC) में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। रात में पर राम नगरी में ठहरेंगी वित्त मंत्री
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ लौट जाएंगे, जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सरयू आरती में शामिल होकर होटल रेडिसन में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन, 9 अक्टूबर को वित्त मंत्री सुबह 6 बजे श्रीरामलला की सिंगार आरती में शामिल होंगी और जन्मभूमि परिसर के अन्य मंदिरों का दर्शन करेंगी। रामनगरी के 108 प्राचीन कुंडों में से एक है बृहस्पति कुंड
अयोध्या का बृहस्पति कुंड, जो रामनगरी के 108 प्राचीन कुंडों में से एक माना जाता है। इसका उल्लेख वेद और पुराणों में भी मिलता है। अब नया धार्मिक और पर्यटन केंद्र बनने जा रहा है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम और उनके भाइयों ने इसी कुंड में स्नान और धार्मिक अनुष्ठान किए थे। लंबे समय से उपेक्षित रहा यह कुंड अब योगी सरकार के सौंदर्यीकरण और संरक्षण अभियान के तहत नये स्वरूप में निखरकर सामने आया है। दक्षिण भारत के तीन महान संगीतकारों की लगी प्रतिमा कुंड परिसर में दक्षिण भारत के तीन महान संगीतकारों-त्यागराज स्वामिगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। ये प्रतिमाएं दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं की आस्था को समर्पित हैं। बृहस्पति कुंड का क्षेत्र अब न केवल धार्मिक महत्व का प्रतीक बनेगा, बल्कि यह अयोध्या के आध्यात्मिक पर्यटन को भी नई दिशा देगा। उद्घाटन से पहले कुंड परिसर को सुंदर रोशनी और फूलों से सजाया गया है। अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि यह स्थल अयोध्या आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए नई पहचान बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *