कुरुक्षेत्र को दीवाली से पहले दहलाने आए 2 बदमाशों को CIA-2 की टीम ने दबोच लिया। बड़ी गैंग से ताल्लुक रखने वाले गुरविंदर उर्फ गग्गू (19) निवासी शशा गुजरानं और संदीप (22) हाल निवासी जिला पटियाला को कुरुक्षेत्र जिले के किसी पुलिस स्टेशन या चौकी काे हेड ग्रेनेड से ब्लास्ट करने का टारगेट मिला था। इससे पहले भी कुरुक्षेत्र को दहलाने की साजिश हो चुकी है। गुरविंदर और संदीप का क्रिमिनल रिकॉर्ड भी पुलिस को मिला है। इस काम को करने के लिए उनको काफी पैसा मिलने वाला था। ब्लास्ट के लिए दोनों अपने आका के इशारे का इंतजार कर रहे थे। अभी पुलिस उनके एक और साथी की तलाश कर रही है, जिसे इन दोनों को हथियार पहुंचाने की जिम्मेदारी मिली थी। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। सीक्रेट इन्फॉर्मेशन पर पकड़े गए DSP निर्मल सिंह ने बताया कि CIA की टीम को सीक्रेट इन्फॉर्मेशन मिली थी कि कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड पर मुर्तजापुर गांव के रकबे में नेशनल हाईवे-152 D के पास 2 संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। उनके पास एक्सप्लोसिव या आर्म है। इस सूचना पर टीम ने नाकाबंदी कर दी और हाईवे के पास पंजाब नंबर की बाइक PB11DK 2672 के साथ 2 युवकों को काबू किया। तलाशी में मिला हेड ग्रेनेड आरोपियों की तलाशी लेने पर कब्जे से हेड ग्रेनेड और 5 गोलियां बरामद हुई। टीम ने तुरंत बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। दोनों को कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और अंबाला में किसी वारदात को अंजाम देना था। अंबाला की बम निरोधक दस्ता टीम ने ग्रेनेड में धमाका कर उसे डिफ्यूज कर दिया। 2022 में मिली आरडीएक्स बता दें कि, दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर शाहाबाद के मिर्ची होटल के पास से 4 अगस्त 2022 को अंबाला एसटीएफ की टीम ने आरडीएक्स (विस्फोटक सामग्री) बरामद किया था। यह विस्फोटक एक पेड़ के नीचे लिफाफे में छिपाकर रखा गया था। इसके साथ आईईडी, स्विच, टाइमर, बैरी और डेटोनेटर भी मिला था। उस समय बम निरोधक दस्ते ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद इसे निष्क्रिय किया था। तरनतारन से आरोपी किया था काबू STF ने पंजाब के तरनतारन जिले के आरोपी शमशेर सिंह को काबू किया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। आरडीएक्स का वजन 600 ग्राम से डेढ़ किलो बताया गया था। आरोपी कुरुक्षेत्र और दिल्ली को दहलाने की फिराक में थे, क्योंकि 10 दिन बाद ही राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त समारोह मनाया जाना था। 10 साल पहले मिले थे बम
करीब 10 साल पहले शाहाबाद में रेलवे ट्रैक के किनारे 51 एमएम के 9 जिंदा मोर्टार बम मिले थे। सेना पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वायड और आर्मी आर्डिनेंस की टीम ने स्टील के पेटी नुमा बाक्स और 9 बम को अपने कब्जे में लिया था। पंजाब-पाकिस्तानी कनेक्शन 2022 में मिले RDX में पंजाब और पाकिस्तान का कनेक्शन सामने आया था। पंजाब के रहने वाले शमशेर सिंह ने RDX को छुपाया था। उस RDX को पाकिस्तान से ड्रोन के साथ बॉर्डर पर फेंका गया था। शमशेर सिंह को उस सामान को शाहाबाद के पास छिपाने की जिम्मेदारी मिली थी। वहीं कल मंगलवार को ग्रेनेड के साथ पकड़े गए दोनों युवक पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस को मिली थी धमकी सूत्रों से पता चला कि यह ग्रेनेड पाकिस्तान मेड था, जिसे ड्रोन के जरिए देश की सीमा में फेंका गया था। हालांकि पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। दोनों युवक ग्रेनेड को कुरुक्षेत्र में किसी पुलिस स्टेशन या चौकी में फेंक कर ब्लास्ट करने के इरादे से पंजाब से आए थे। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को कई दिनों जिले के किसी थाने को बम से निशाना बनाए जाने की धमकी मिली थी। उसी दिन से पुलिस अलर्ट मोड में चल रही थी।


