इंदौर में तिलक नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ऑटो रिक्शा से अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, यह शराब रिंग रोड से बस में रखकर गुजरात भेजी जानी थी। ऑटो में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें डिलीवरी के बदले पांच हजार रुपए मिलने थे। पुलिस पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे यह शराब अग्रेशन नगर इलाके की एक दुकान से लाए थे और अहीरखेड़ी क्षेत्र से भी शराब की तस्करी करते हैं। जांच में इस रैकेट के दो अन्य साझेदारों लक्की और सन्नी के नाम भी सामने आए हैं। दोनों का संबंध शराब व्यवसाय से बताया जा रहा है। वहीं एक अन्य व्यक्ति अकील का नाम भी सामने आया है, जिसका भाई मोइन नशे के एक मामले में जेल में बंद है। पहले भी पकड़ाई अवैध शराब एडीशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह की टीम ने बंगाली चौराहे के पास से मोहम्मद इकबाल मुल्तानी निवासी कोयला बाखल और राहुल सचदेव निवासी सरदार नगर, अहमदाबाद को पकड़ा। उनके पास से करीब तीन लाख रुपए मूल्य की शराब जब्त की गई, जिसे वे धार के रास्ते गुजरात भेजने की योजना बना रहे थे। इस बीच, पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इंदौर में पहले भी कई जगहों पर अवैध शराब पकड़ी जा चुकी है, जैसे आजाद नगर और द्वारकापुरी, लेकिन मुख्य सरगना तक पुलिस की पहुंच नहीं हो पाई। कई पुराने मामलों में भी जांच अधूरी रह गई है।


