जलूद में 60 मेगावॉट सोलर संयंत्र के काम को आगे बढ़ाने के लिए लिया गया शटडाउन पूरा हो चुका। अब सोलर संयंत्र का अगला चरण शुरू करने के लिए एक और शटडाउन लिया जाएगा। अगला शटडाउन दिवाली बाद लिया जाएगा। जलूद में सोलर प्लांट का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। सोलर मॉड्यूल इंस्टॉलेशन, डीसी-एसी सिस्टम, व 132 केवी स्विच यार्ड का निर्माण कार्य पहले ही हो चुका है। अब 132 केवी ट्रांसमिशन पोल पर कंडक्टर स्ट्रिंगिंग का काम बाकी है, जिसके लिए शनिवार को शटडाउन लिया गया था। कंपनी को दो से तीन शटडाउन की जरूरत है। पंप हाउस, ग्रिड से जुड़े काम शटडाउन के दौरान नर्मदा जलप्रदाय परियोजना के तीनों चरणों से जल आपूर्ति बंद रही। इस बीच विभिन्न पंप हाउस, जल उपचार संयंत्र, ग्रिड और पाइपलाइन में संधारण और मरम्मत का काम किया गया। प्रमुख कार्यों में न्यू इंटेक वेल के पास 1400 एमएम एमएस पाइपलाइन बिछाना, पंप हाउस 2, 3 और 5 में वॉल्व की मरम्मत व इंस्टॉलेशन, ओल्ड इंटेक वेल ग्रिड सुधार और 92 एमएलडी सबमर्सिबल पंप इंस्टॉलेशन शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि दिवाली के बाद जब दूसरा शटडाउन लिया जाएगा, तब शेष तकनीकी काम पूरे कर संयंत्र को पूरी तरह चालू किया जाएगा।


