जयपुर में परिचित युवक के दोस्त के एक युवती से रेप करने का मामला सामने आया है। धोखे से मिलने के बहाने होटल में बुलाकर आरोपी दोस्त ने जबरदस्ती की। विरोध करने पर मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का वादा किया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर देहशोषण किया। नाहरगढ़ रोड थाने में पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच SHO (नाहरगढ़ रोड) गौतम डोटासरा कर रहे हैं। पुलिस ने बताया- जालूपुरा निवासी 23 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सितम्बर-2020 में उसके परिचित ने उसे अपने दोस्त अमित कुमार से मिलवाया था। आपस में एक-दूसरे का परिचित होने के बाद दोनों में बातचीत होना शुरू हो गया। करीब 12 दिन बाद ही आरोपी ने धोखे से मिलने के बहाने होटल में बुलाया। मिलने जाने पर आरोपी ने शादी करने का ऑफर रखा। होटल में आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का वादा कर रेप किया। आरोपी ने बनाए अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। जबरन होटल में बुलाकर शादी का झांसा देकर देहशोषण करता रहा। शादी करने का दबाव बनाने पर आरोपी ने मना कर दिया। धोखे का एहसास होने पर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।


