हिमाचल में बस पर मलबा गिरने से 15 की मौत:2 बच्चे रेस्क्यू; एक लापता, बरठी में पोस्टमॉर्टम शुरू, एक गांव से उठेगी 4 चिताएं

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक यात्री बस पर पहाड़ से मलबा गिर गया। इस हादसे में 15 मौतें हो गईं। बस में दबे दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। परिवार के साथ सफर कर रहा एक बच्चा अभी भी लापता है। NDRF टीम ने आज सुबह 6:40 बजे लापता बच्चे की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बिलासपुर के SP संदीप धवल ने बताया कि मृतकों में 9 पुरुष, 4 महिलाएं और 2 लड़के शामिल हैं, जबकि दो बच्चे घायल (एक लड़का और एक लड़की) हैं। मृतकों के शवों का आज सुबह 7 बजे बरठी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। बिलासपुर समेत हिमाचल के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह से बरसात हो रही है। इसी वजह से शाम 6:25 बजे बरठी के पास भलू में अचानक पहाड़ का मलबा बस पर आ गिरा। यह बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। मलबा इतना अधिक था कि हादसे के बाद बस छत तक दब गई थी। हालांकि, बस की छत पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद नाले में छिटक गई। स्थानीय लोगों की सूचना के तुरंत बाद पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा- हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में जन-हानि से गहरा दुख हुआ है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। उन्होंने आगे लिखा- प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हज़ार रुपए दिए जाएंगे। हादसे के बाद के PHOTOS… हादसे में इन लोगों की हुई मौत
हादसे में शरीफ खान, रजनीश कुमार, चुन्नी लाल, सोनू, बख्शी राम, नरेंद्र शर्मा, कृष्ण लाल, नक्ष, प्रवीण कुमार, अंजना देवी, आरव, कांता देवी, विमला, कमलेश और संजीव कुमार की मौत हो गई। वहीं आरुषि और शौर्य घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *