चंडीगढ़ में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। पार्किंग वालों ने बाइक खड़ी करने आए 2 युवकों को डंडों से जमकर पीटा। उन्हें सड़क पर नीचे गिरा दिया। उनके सिर पर हेलमेट से भी कई वार किए। शुक्रवार को सेक्टर-17 स्थित निगम की पार्किंग में पर्ची कटवाने को लेकर विवाद हुआ। आसपास के लोगों का कहना है कि दो युवक एक बाइक पर सवार होकर बाइक पार्क करने आए थे। पार्किंग वालों के साथ युवकों की पर्ची को लेकर बहस हो गई। इसके बाद पार्किंग के लोगों ने युवकों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट से जुड़े PHOTOS… पार्किंग की फीस को लेकर हुआ विवाद
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित नगर निगम के दफ्तर के बाहर बनी पार्किंग में दो युवक बाइक पार्क करने आए थे। पार्किंग गेट पर पार्किंग कर्मी ने उन्हें रोक लिया और पर्ची कटवाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पक्षों में पार्किंग की फीस को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि पार्किंग कर्मियों ने युवकों को सड़क पर नीचे गिराकर पीटना शुरू कर दिया। पार्किंग वाले ने उठाकर डंडा मार दिया
पार्किंग में मौजूद राकेश कुमार नाम के व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी बाइक खड़ी कर रहे थे, तभी दूसरी बाइक पर सवार दो युवक आए और पार्किंग शुल्क को लेकर कर्मचारी से बहस करने लगे। कुछ ही देर में बहस गाली-गलौज में बदल गई और दोनों पक्ष हाथापाई पर उतर आए। इसी दौरान पार्किंग वाले ने डंडा उठाकर मारा, तो दूसरे ने हेलमेट मारे। चंद कदमों की दूरी पर था पुलिस स्टेशन
सेक्टर-17 नगर निगम के सामने बनी पार्किंग के ठीक पीछे सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन भी है। झगड़ा काफी देर तक होता रहा, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना नहीं पहुंची। मामले में दोनों पक्षों में से किसी ने कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की।


