पुलिस थाने में बुधवार को एक दुकानदार ने बंदूक की नोक पर लूटपाट की घटना को लेकर मामला दर्ज करवाया है। वहीं, घटना के बाद पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश के लिए आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शहर के मगध नगर निवासी लल्लूलाल झालानी ने मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि उसकी मोरीजा रोड पर जनरल सामान की दुकान है। वह दुकान से फ्री होकर देर शाम को दुकानदार अपनी स्कूटी से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान मगध नगर सर्किल के पास पीछे से एक युवक आया और बंदूक दिखाते हुए बैग छीनने का प्रयास किया। आरोपी युवक अपने दो साथियों के साथ बैग छीन कर फरार हो गया। हालांकि नकदी रुपए स्कूटी की डिग्गी में रखे हुए थे और बैग में सिर्फ दस्तावेज और कुछ अन्य सामान था, जिससे बड़ी वारदात होने से टल गई। इसके बाद पीड़ित ने चौमूं पुलिस थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। चौमूं पुलिस अब बदमाशों की तलाश करने में जुटी हुई है।


